
CG Crime: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सक्ती थाना क्षेत्र में दो अज्ञात बदमाशों ने 25 साल की पूर्णिमा चौहान को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवती को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
गोली की आवाज सुनकर पहुंचे परिजन
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। तब तक हमलावर वहां से भाग चुके थे। परिजनों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस, जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही सक्ती थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
हत्या की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस प्रेम प्रसंग, पुरानी रंजिश और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।\







