छत्तीसगढ़

Balodabazar Rain News: बलौदाबाजार में बारिश में बहे एक बच्चा समेत तीन लोग, उफनते नदी-नालों में चला रेस्क्यू ऑपरेशन

Advertisement

बलौदाबाजार जिले में लगातार बारिश के बीच तीन अलग-अलग हादसों में एक युवक, एक बिजली कर्मचारी और एक बच्चा लापता हो गया। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक और बारिश की संभावना जताई है।

Balodabazar Rain News: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में 24 घंटे से लगातार हो रही है। बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। नदी-नाले उफान पर हैं। जिसमें तीन लोग बह गए हैं। रेस्क्यू अभियान जारी है। अभी तक किसी का पता नहीं चला है।

नदी-नालों में तीन लोग बहे

बारिश किसानों के लिए राहत वाली है, वहीं उफनते नदी-नाले लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। जिले में मंगलवार तक तीन अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में तीन लोग लापता हो गए हैं। प्रशासन, स्थानीय पुलिस और बचाव दल उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।

महानदी में बहा युवक, NDRF का रेस्क्यू

पहली घटना कसडोल विकासखंड के नारायणपुर की है। यहां सोमवार को चतुर सिंह माझी (35) महानदी के तेज बहाव में बह गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन रात होने और अंधेरा होने के कारण तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। मंगलवार को एनडीआरएफ की टीम को बुलाकर युवक की तलाश शुरू कराई जाएगी।

बिजली विभाग की गाड़ी नाले में गिरी, कर्मचारी लापता

दूसरा हादसा मंगलवार सुबह करीब चार बजे अचानकपुर-खोरसी मार्ग पर हुआ। बिजली विभाग की एक पिकअप गाड़ी तेज बहाव वाले नाले को पार करने के दौरान अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई। वाहन में चार कर्मचारी सवार थे। इनमें से तीन कर्मचारी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि एक कर्मचारी तेज बहाव में बह गया। प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। हादसे के बाद से वाहन भी नाले में फंसा हुआ है।

 बच्चा नाले के तेज बहाव में बहा

तीसरी घटना लच्छनपुर-पारागांव क्षेत्र के जमुनाइय्या नाले की है। मंगलवार सुबह नहाने गया एक बच्चा अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। जानकारी के मुताबिक दुर्गम रास्तों और लगातार बारिश के कारण बचाव दल अभी तक मौके पर नहीं पहुंच पाया है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।

प्रशासन की अपील

लगातार बारिश के चलते जिले के कई नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे उफनते नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार करने की कोशिश न करें। बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक जिले में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है, जिससे राहत एवं बचाव कार्यों में और कठिनाई आ सकती है। प्रशासन का कहना है कि तीनों लापता लोगों की तलाश जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button