Uncategorised

विकास कार्य : वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया रायगढ़ में प्रस्तावित परियोजनाओं का निरीक्षण, समय पर पूरा करने के दिए निर्देश

Advertisement
Advertisement
Advertisement

रायगढ़। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने जिले में प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी परियोजनाओं का कार्य समय-सीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विजयपुर में प्रस्तावित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, केलो नदी के खर्रा घाट में विकसित किए जा रहे मैरीन ड्राइव तथा जेल परिसर स्थित पुराने भवन के स्थान पर प्रस्तावित व्यवसायिक परिसर निर्माण की कार्ययोजना का जायजा लिया।

16 करोड़ की लागत से बनेगा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर

वित्त मंत्री ने विजयपुर में लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के लिए चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से सेंटर की ड्राइंग और डिजाइन की जानकारी ली तथा भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक संशोधन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक सुधारों के बाद प्रस्ताव को जल्द अंतिम स्वीकृति के लिए भेजा जाए, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सके। इस सेंटर के बनने से जिले में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी।

30 करोड़ की लागत से विकसित होगा खर्रा घाट मैरीन ड्राइव

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने केलो नदी के खर्रा घाट में लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे मैरीन ड्राइव परियोजना का भी निरीक्षण किया। करीब दो किलोमीटर लंबाई में विकसित होने वाली इस परियोजना का कार्यादेश जारी हो चुका है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैरीन ड्राइव रायगढ़ शहर की पहचान बनने वाली परियोजना है, जिससे खर्रा घाट का सौंदर्यीकरण होगा और नागरिकों को मनोरंजन एवं पर्यटन की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

मैरीन ड्राइव में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

परियोजना के तहत घाट विकास, गजीबो, आरसीसी पाथवे, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, प्रोमेनेड, फूड कोर्ट, बाह्य विद्युतीकरण सहित कई आधुनिक सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

जेल परिसर में बनेगा नया व्यवसायिक परिसर

इसके बाद वित्त मंत्री ने जेल परिसर स्थित पुराने भवन का निरीक्षण किया। पुराने भवन को हटाने के बाद वहां प्रस्तावित नए व्यवसायिक परिसर के निर्माण की कार्ययोजना का अवलोकन किया गया।

उन्होंने अधिकारियों को परियोजना से जुड़ी सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर नियमानुसार आगे की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक व्यवसायिक परिसर के निर्माण से शहर को नई अधोसंरचना मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, विजय अग्रवाल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, सहायक कलेक्टर गोकुल आर.के., नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन अभियंता सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button