मध्यप्रदेश : राजगढ़ में दर्दनाक हादसा, तालाब में गिरी तेज रफ्तार कार, पांच लोगों की मौत

राजगढ़। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। घटना खुजनेर थाना क्षेत्र के भीलखेड़ी जोड़ के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने तालाब में जा गिरी।
कार के गेट लॉक होने से नहीं निकल पाए लोग
जानकारी के अनुसार, कार (MP09 CC 6414) अचानक अनियंत्रित होकर तालाब में समा गई। हादसे के समय कार के दरवाजे लॉक थे और शीशे भी बंद थे, जिसके कारण उसमें सवार लोग बाहर नहीं निकल सके। पानी में डूबने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
रेस्क्यू के दौरान भी नहीं बच सकी जान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और उन्हें खुजनेर अस्पताल ले जाया गया। रेस्क्यू के दौरान एक व्यक्ति की सांसें चल रही थीं, जिसे सीपीआर दिया गया, लेकिन उसे भी बचाया नहीं जा सका।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया कार के तालाब में गिरने और अंदर फंसे लोगों की मौत का कारण डूबना माना जा रहा है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।







