Uncategorised

अमरनाथ यात्रा से लौट रही बस पलटी, 30 श्रद्धालु घायल

Advertisement
Advertisement
Advertisement

गांदरबल (जम्मू-कश्मीर)। अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस मंगलवार को गांदरबल जिले के गुंड क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस में सवार 39 तीर्थयात्रियों में से करीब 30 लोग घायल हो गए। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमरनाथ गुफा के दर्शन कर लौट रही बस खतरनाक पहाड़ी मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और एक मकान पर जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, सेना तथा स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना का संज्ञान लेते हुए गांदरबल के उपायुक्त और स्वास्थ्य अधिकारियों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी घायलों के लिए सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

गौरतलब है कि अमरनाथ यात्रा 2 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी। अब तक 4.15 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। यह यात्रा अनंतनाग के पहलगाम मार्ग और गांदरबल के बालटाल मार्ग से संचालित की जा रही है।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button