CGPSC SI Exam : शिक्षक भर्ती परीक्षा से टकराई पुलिस भर्ती परीक्षा की तारीख, मुख्यमंत्री के निर्देश पर बदली गई तिथि

अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की संशोधित तिथियां घोषित
रायपुर। प्रदेश के युवाओं के हित में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिक्षक भर्ती परीक्षा और सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की तिथियों में टकराव का संज्ञान लिया। अभ्यर्थियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परीक्षा कार्यक्रम में आवश्यक बदलाव के निर्देश दिए थे। इसके बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 की संशोधित तिथियां घोषित की हैं।
25 अक्टूबर को होने वाली थी शिक्षक भर्ती परीक्षा
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तिथियां निर्धारित की गई थीं।
इसी बीच 25 अक्टूबर 2026 को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी आयोजित होने वाली थी। दोनों परीक्षाओं की तारीख एक ही दिन पड़ने से उन अभ्यर्थियों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई थी, जो दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। उन्हें किसी एक परीक्षा से वंचित होने की आशंका थी।
मुख्यमंत्री ने लिया अभ्यर्थियों की समस्या का संज्ञान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा वर्षों तक मेहनत करते हैं। ऐसे में परीक्षा कार्यक्रम में टकराव जैसी व्यावहारिक समस्या के कारण किसी अभ्यर्थी को दो अवसरों में से एक चुनने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को युवाओं के हित में परीक्षा तिथियों में आवश्यक बदलाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस भर्ती परीक्षा की संशोधित तिथियां जारी की गई हैं।
अभ्यर्थियों को दोनों परीक्षाओं में शामिल होने का मिलेगा अवसर
परीक्षा तिथि में बदलाव से उन अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी, जो शिक्षक भर्ती परीक्षा के साथ सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। अब उन्हें परीक्षा तिथियों के टकराव के कारण किसी एक अवसर को छोड़ने की मजबूरी नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की आकांक्षाओं और उनके भविष्य से जुड़े विषयों को लेकर संवेदनशील है तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।








