रायगढ़

साइबर अपराध के खिलाफ छत्तीसगढ़ में 15 अगस्त से शुरू होगा ‘साइबर जागृति अभियान’

Advertisement

7 सप्ताह तक चलेगा प्रदेशव्यापी अभियान

रायगढ़। साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक और सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाएगी। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना और लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना है।

‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ होगी मुख्य थीम

अभियान की मुख्य थीम ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ रखी गई है। राज्यवासी छत्तीसगढ़ पुलिस और संबंधित जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर जारी लिंक पर क्लिक कर या QR कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी फोटो ले सकेंगे। इसके बाद वे सेल्फी को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करेंगे।

सोशल मीडिया से तेजी से पहुंचेगा साइबर सुरक्षा का संदेश

पुलिस के अनुसार लाखों लोगों द्वारा सेल्फी फ्रेम सोशल मीडिया पर साझा किए जाने से साइबर अपराध से बचाव का संदेश उनके दोस्तों और फॉलोअर्स तक पहुंचेगा। अभियान में सोशल मीडिया की पहुंच का इस्तेमाल कर अधिक से अधिक लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का लक्ष्य रखा गया है।

रायगढ़ में ASP अनिल सोनी ने जारी किया QR कोड

रायगढ़ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी ने प्रेस वार्ता के दौरान अभियान की लिंक और QR कोड जारी कर इसकी शुरुआत की। उन्होंने स्वयं QR कोड स्कैन कर सेल्फी ली और अपनी सेल्फी फ्रेम सोशल मीडिया पर पोस्ट की।

सामाजिक और व्यापारिक संगठनों से सहयोग की अपील

ASP अनिल कुमार सोनी ने जिलेवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, संस्थानों के पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स और कलाकारों से लिंक या QR कोड के जरिए सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर साझा करने का आग्रह किया।

पहले सप्ताह स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सुरक्षा अभियान

अभियान के पहले सप्ताह में स्कूल और कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता एवं बुनियादी साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

दूसरे सप्ताह UPI और वित्तीय धोखाधड़ी पर फोकस

दूसरे सप्ताह बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों में वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

तीसरे सप्ताह वरिष्ठ नागरिकों के लिए टाउन हॉल

तीसरे सप्ताह में वरिष्ठ नागरिकों के साथ टाउन हॉल आयोजित कर डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल से बचाव के तरीके बताए जाएंगे।

चौथे सप्ताह स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउजिंग

चौथे सप्ताह महिला कॉलेजों और सामुदायिक समूहों के बीच स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सुरक्षित ब्राउजिंग को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

पांचवें सप्ताह युवाओं को जॉब फ्रॉड से किया जाएगा जागरूक

पांचवें सप्ताह रोजगार कार्यालयों, ITI और कौशल विकास केंद्रों में युवाओं को जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचाव की जानकारी दी जाएगी।

छठे सप्ताह डेटा प्राइवेसी पर जागरूकता

छठे सप्ताह डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया की सीमाओं को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। लोगों को निजी जानकारी सुरक्षित रखने और सोशल मीडिया के जिम्मेदार इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी।

सातवें सप्ताह लिया जाएगा ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प

सातवें सप्ताह ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प अभियान चलाया जाएगा।

2 अक्टूबर को होगा अभियान का समापन

‘साइबर जागृति अभियान’ का समापन 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के दिन होगा। इस दौरान जिला पुलिस टीमों और स्थानीय थानों द्वारा चौक-चौराहों, बाजारों, पार्कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर-बैनर के माध्यम से QR कोड का प्रचार किया जाएगा।

WhatsApp ग्रुप और सोशल मीडिया से भी होगा प्रचार

राज्य पुलिस और जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स के साथ WhatsApp ग्रुप्स में भी अभियान की लिंक साझा की जाएगी। पुलिस का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को सेल्फी अभियान से जोड़कर साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाना है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button