रायगढ़

भालूनारा-रॉबर्ट्सन सड़क निर्माण की मांग पर चार दिन बाद खत्म हुआ धरना, प्रशासन ने दिया लिखित आश्वासन

Advertisement

रायगढ़। जिले में भालूनारा से रॉबर्ट्सन तक जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना चौथे दिन लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। ग्रामीणों की मांग पर प्रशासनिक अधिकारियों ने सड़क निर्माण शुरू कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने धरना खत्म कर दिया।

सड़क पर हस्ताक्षर अभियान चलाया

गुरुवार को भी ग्रामीण नवागांव सड़क पर धरने पर बैठे रहे। इस दौरान सड़क निर्माण की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। आसपास के 6-7 गांवों के ग्रामीणों ने अभियान में हिस्सा लेते हुए सड़क निर्माण की मांग का समर्थन किया।

दोपहर बाद मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। सड़क के गड्ढों को भरने और प्रारंभिक मरम्मत की तैयारी की जा रही थी, लेकिन ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि केवल गड्ढे भरने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। उन्होंने पूरी सड़क का निर्माण कराने की मांग रखी।

पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई बातचीत

अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाते हुए कहा कि सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोकने की अनुमति नहीं है और ऐसा करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी।

कई गांवों के लोग खराब सड़क से परेशान

ग्रामीणों के अनुसार सड़क लंबे समय से खराब हालत में है। इससे भालूनारा, रॉबर्ट्सन, नवागांव, पामगढ़, रजघट्टा, छोटे डूमरपाली और बड़े डूमरपाली समेत आसपास के कई गांवों के लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

विधायक उमेश पटेल पहुंचे मौके पर

आंदोलन के दौरान खरसिया विधायक उमेश पटेल भी ग्रामीणों के समर्थन में मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसडीएम और पुलिस अधिकारियों से चर्चा की। काफी देर तक चली बातचीत के बाद एसडीएम ने ग्रामीणों को लिखित आश्वासन दिया कि 1 अक्टूबर से सड़क निर्माण का काम शुरू किया जाएगा।

लिखित आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने अपनी सहमति जताई और चार दिनों से जारी अनिश्चितकालीन धरना समाप्त कर दिया।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button