सीईआईआर पोर्टल से 150 गुम मोबाइल बरामद, 37.50 लाख से अधिक कीमत के फोन मालिकों को लौटाए

रायगढ़ साइबर टीम की कार्रवाई, बिहार से लेकर कोलकाता और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इस्तेमाल हो रहे थे मोबाइल
रायगढ़। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की शिकायतों पर रायगढ़ साइबर टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की तकनीकी जांच करते हुए पुलिस ने पिछले तीन महीनों में 150 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कुल कीमत 37.50 लाख रुपए से अधिक बताई गई है। बरामद मोबाइल में वीवो, ओप्पो, रेडमी, पोको, रियलमी, वनप्लस, सैमसंग और मोटोरोला समेत कई कंपनियों के फोन शामिल हैं।
पुलिस ने बरामद मोबाइलों की आवश्यक जांच और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिया। मोबाइल वापस मिलने पर कई लोगों ने पुलिस के प्रति आभार जताया। इनमें कुछ ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिन्होंने काफी समय पहले मोबाइल खो दिया था और उसे वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी।
तीन महीने में 150 मोबाइल ट्रेस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि साइबर डीएसपी शिखर मरावी की निगरानी और साइबर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की लगातार जांच कर रही थी। तकनीकी जानकारी के आधार पर टीम ने पिछले तीन महीनों में 150 मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया।
पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल रायगढ़ के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा बिहार, कोलकाता, कोरबा, जांजगीर, धरमजयगढ़, घरघोड़ा, पूंजीपथरा, तमनार, छाल और खरसिया में इस्तेमाल किए जा रहे थे। साइबर टीम ने तकनीकी जानकारी के आधार पर मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे लोगों से संपर्क किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर फोन वापस प्राप्त किए।
37.50 लाख से ज्यादा के मोबाइल लौटाए
पुलिस के मुताबिक बरामद किए गए 150 मोबाइल फोन की कुल कीमत 37 लाख 50 हजार रुपए से अधिक है। सभी मोबाइलों का सत्यापन करने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया। इस कार्रवाई से उन लोगों को बड़ी राहत मिली, जिनके महंगे मोबाइल गुम या चोरी हो गए थे।
मोबाइल गुम होते ही थाने में शिकायत करें
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मोबाइल का IMEI नंबर सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज कराकर उसे ब्लॉक और ट्रेस करने के लिए रिपोर्ट करना चाहिए। समय पर शिकायत मिलने से पुलिस को मोबाइल की तलाश करने में मदद मिलती है।
पुलिस ने यह भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को रास्ते में कोई मोबाइल फोन मिलता है तो उसका इस्तेमाल न करें और उसे तत्काल पुलिस के हवाले करें।
मोबाइल गुम होने पर ये काम जरूर करें
- बिना देरी किए नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
- सीईआईआर पोर्टल पर मोबाइल का IMEI नंबर दर्ज कर उसे ब्लॉक और ट्रेसिंग के लिए रिपोर्ट करें।
- मोबाइल में बैंकिंग, यूपीआई, ई-मेल या सोशल मीडिया अकाउंट जुड़े हैं तो तत्काल उनके पासवर्ड बदलें।
- बैंकिंग और यूपीआई से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत संबंधित बैंक को सूचित करें।
- मोबाइल मिलने पर स्वयं इस्तेमाल करने के बजाय उसे पुलिस के हवाले करें।






