नेपाल में कुदरत का कहर, बाढ़ से भारी तबाही; 16 की मौत, 105 भारतीय पर्यटकों समेत सैकड़ों लापता

नेपाल। नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। तेज बहाव में घर, पुल-पुलिया और वाहन बह गए। हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि होने की जानकारी है, जबकि बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने की खबर है। राहत और बचाव कार्य के लिए 15 हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं।
105 भारतीय पर्यटकों समेत 300 से ज्यादा विदेशी लापता
नेपाल पर्यटन बोर्ड के मुताबिक, 105 भारतीय पर्यटकों समेत 300 से अधिक विदेशी पर्यटकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन आंकड़ों की पुष्टि की प्रक्रिया जारी है।
पर्यटन एवं ट्रैवल कंपनियों से मिले शुरुआती रिकॉर्ड के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों से कुल 384 यात्रियों के लापता होने की जानकारी मिली है। इनमें 291 विदेशी और 93 नेपाली नागरिक बताए जा रहे हैं। ट्रैवल एजेंसियों, गाइड, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर इन आंकड़ों का सत्यापन किया जा रहा है।
लापता विदेशी पर्यटकों में भारतीयों के अलावा ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड्स, अमेरिका, मलेशिया, ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका के नागरिक भी शामिल बताए गए हैं।
13 जलविद्युत परियोजनाएं प्रभावित
बाढ़ के तेज बहाव से 13 जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचने की जानकारी है। कई परियोजनाओं के बांध, विद्युतगृह और पहुंच मार्ग प्रभावित हुए हैं। बाजार और सीमा क्षेत्र में खड़े कई वाहन भी बाढ़ के पानी में बह गए।
अधिकारियों के मुताबिक, नुकसान का वास्तविक आकलन जमीनी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
कई इलाकों में आवाजाही पर रोक
बाढ़ के खतरे को देखते हुए काठमांडू ट्रैफिक पुलिस ने रसुवा, नुवाकोट, चितवन और धादिंग की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही रोक दी है। नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बिहार के 8 जिलों में हाई अलर्ट
नेपाल में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बिहार में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है। नेपाल सीमा से लगे आठ जिलों—पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर—में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
एसडीआरएफ और एनडीआरएफ को सक्रिय रखा गया है। बिहार आपदा प्रबंधन विभाग ने गंडक नदी में करीब 3 मीटर ऊंची फ्लैश फ्लड वेव आने की आशंका जताई है।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हाई लेवल बैठक
नेपाल में बाढ़ से उत्पन्न स्थिति को देखते हुए बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित जिलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक बचाव एवं राहत तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए।
गंडक नदी से जुड़े जिलों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। बेतिया, मोतिहारी, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सीतामढ़ी, शिवहर समेत अन्य संवेदनशील जिलों में भी स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।






