ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में नवनिर्माण संकल्प समिति ने बांटा शरबत, रामचंद्र शर्मा ने दिया भाईचारे का संदेश

रायगढ़। ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर रायगढ़ में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। प्रसिद्ध शिक्षाविद एवं समाजसेवी तथा नवनिर्माण संकल्प समिति के अध्यक्ष रामचंद्र शर्मा की पहल पर समिति ने रायगढ़ एसपी कार्यालय के सामने शरबत वितरण स्टॉल लगाया।
जुलूस में शामिल लोगों को पिलाया शरबत
नवनिर्माण संकल्प समिति के बैनर तले आयोजित सेवा कार्य के दौरान ईद के जुलूस में शामिल लोगों और राहगीरों को शरबत पिलाया गया। समिति की इस पहल के माध्यम से आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।
रामचंद्र शर्मा ने कहा- सभी धर्मों का सम्मान जरूरी
रामचंद्र शर्मा ने कहा कि रायगढ़ की पहचान आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और सभी धर्मों के सम्मान की रही है। ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर शरबत वितरण केवल सेवा कार्य नहीं, बल्कि एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि नवनिर्माण संकल्प समिति आगे भी समाज में भाईचारा, सेवा और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के लिए कार्य करती रहेगी।
समिति के सदस्यों का रहा योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सचिव दीपक मंडल तथा सदस्य अनिल प्रधान, शरद यादव, रमेश यादव, राकेश साहा और सुनील निषाद सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सामाजिक एकता का दिया संदेश
शरबत वितरण के दौरान लोगों ने नवनिर्माण संकल्प समिति की पहल की सराहना की। लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का काम करते हैं। ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर आयोजित यह सेवा कार्य रायगढ़ की सामाजिक एकता और गंगा-जमुनी तहजीब की तस्वीर पेश करता नजर आया।






