रक्षाबंधन मनाकर लौट रहे तीन युवकों को टैंकर ने मारी टक्कर, दो की मौत; एक गंभीर

रायगढ़। रक्षाबंधन के मौके पर बहन के घर राखी बंधवाकर बाइक से घर लौट रहे तीन युवकों के साथ दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुसौर थाना क्षेत्र में एक तेल टैंकर ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक समेत दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
राखी बंधवाने बहन के घर गए थे तीनों
जानकारी के अनुसार पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम रुचिदा निवासी 26 वर्षीय यशवंत सिदार अपने चचेरे भाई चित्रा सिदार और कृष्णा विश्वकर्मा के साथ शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे ग्राम गोडम स्थित अपनी दीदी के घर राखी बंधवाने गए थे। कार्यक्रम के बाद तीनों एक ही बाइक से वापस रुचिदा लौट रहे थे।
टिमरलगा के पास हुआ भीषण हादसा
शाम करीब 6:30 बजे तीनों ग्राम टिमरलगा के समीप पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेल से भरे टैंकर ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
बाइक चालक की मौके पर मौत
हादसे में बाइक चला रहे कृष्णा विश्वकर्मा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं यशवंत सिदार और चित्रा सिदार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी।
अस्पताल पहुंचने पर एक और युवक की मौत
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए सारंगढ़ जिला अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकों ने कृष्णा विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत को देखते हुए यशवंत और चित्रा को प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
रात करीब 10 बजे दोनों को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद यशवंत सिदार को मृत घोषित कर दिया। वहीं चित्रा सिदार की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज
शनिवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद चक्रधरनगर पुलिस ने शून्य में मर्ग कायम किया। पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।






