देश विदेश

बिना इंटरनेट भी होगा UPI पेमेंट! PhonePe ने फीचर फोन यूजर्स के लिए लॉन्च किया UPI 123Pay

Advertisement

नई दिल्ली। अब UPI पेमेंट करने के लिए स्मार्टफोन और इंटरनेट कनेक्शन की अनिवार्यता खत्म होने जा रही है। डिजिटल भुगतान कंपनी PhonePe ने फीचर फोन यूजर्स के लिए PhonePe UPI 123Pay सेवा लॉन्च की है। इसके जरिए यूजर्स बिना मोबाइल डेटा के भी पैसे भेजने, मर्चेंट को भुगतान करने, बैंक बैलेंस देखने और ट्रांजेक्शन हिस्ट्री जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे।

PhonePe के मुताबिक, यह सेवा देश के 20 करोड़ से अधिक फीचर फोन यूजर्स को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। खासतौर पर ग्रामीण और ऐसे इलाकों में रहने वाले लोगों को इसका फायदा मिल सकता है, जहां स्मार्टफोन या भरोसेमंद इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है।

SMS आधारित तकनीक से चलेगी सेवा

PhonePe UPI 123Pay को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह SMS आधारित तकनीक के जरिए काम कर सके। यानी सीमित 2G नेटवर्क वाले क्षेत्रों में भी यूजर्स UPI भुगतान कर सकेंगे। फीचर फोन से मोबाइल नंबर या UPI ID के जरिए पैसे भेजे जा सकेंगे। कैमरा वाले समर्थित फीचर फोन में QR कोड स्कैन करके भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

इन फीचर फोन में मिलेगा सपोर्ट

शुरुआती चरण में PhonePe UPI 123Pay चुनिंदा Nokia, HMD, Lava और Itel फीचर फोन में उपलब्ध कराया जा रहा है। कंपनी ने कहा है कि आने वाले समय में अन्य मोबाइल निर्माताओं के साथ भी साझेदारी की जाएगी।

ऐसे करें UPI 123Pay एक्टिवेट

फीचर फोन में सेवा एक्टिवेट करने के लिए स्मार्टफोन या इंटरनेट की जरूरत नहीं होगी। समर्थित फोन में पहले से मौजूद PhonePe ऐप खोलकर नियम एवं शर्तों को स्वीकार करना होगा। इसके बाद बैंक का चयन कर डेबिट कार्ड के अंतिम छह अंक और उसकी एक्सपायरी डेट दर्ज करनी होगी। इसके बाद UPI PIN सेट करते ही UPI ID सक्रिय हो जाएगी।

मोबाइल नंबर और UPI ID से कर सकेंगे भुगतान

सेवा सक्रिय होने के बाद यूजर्स कॉन्टैक्ट, मोबाइल नंबर या UPI ID के जरिए भुगतान कर सकेंगे। कैमरा वाले फीचर फोन में QR कोड स्कैन कर Scan & Pay का विकल्प भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। भुगतान से पहले प्राप्तकर्ता की जानकारी और राशि की पुष्टि करनी होगी, जिसके बाद UPI PIN डालकर ट्रांजेक्शन पूरा किया जा सकेगा।

जल्द मिलेंगी और सुविधाएं

PhonePe ने बताया है कि आने वाले अपडेट में फीचर फोन यूजर्स के लिए बिल भुगतान, मोबाइल रिचार्ज और आधार आधारित UPI ऑनबोर्डिंग जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। सेवा को आसान बनाने के लिए कंपनी ने अंग्रेजी के साथ 12 भारतीय भाषाओं में AI आधारित वॉइस हेल्पलाइन भी शुरू की है।

PhonePe का कहना है कि UPI 123Pay के जरिए डिजिटल भुगतान को स्मार्टफोन तक सीमित रखने के बजाय फीचर फोन यूजर्स तक पहुंचाने की कोशिश की गई है। इससे देश के ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में डिजिटल वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button