नागपुर-रायपुर हाईवे पर भीषण हादसा, बोलेरो ट्रक से टकराई; 3 बच्चों समेत 8 की मौत

रायपुर से यात्रियों को लेकर निकली बोलेरो महाराष्ट्र के भंडारा में हादसे का शिकार, 3 लोग गंभीर रूप से घायल
रायपुर। रायपुर से यात्रियों को लेकर महाराष्ट्र की ओर जा रही एक बोलेरो वाहन भंडारा जिले में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत होने की खबर है। वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर महाराष्ट्र के भंडारा जिले में हुई। बोलेरो की खड़े ट्रक से जोरदार टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे का मंजर देखकर आसपास मौजूद लोग भी दहल उठे।
तीन घायलों की हालत गंभीर
दुर्घटना में घायल तीन लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में मृतकों की पहचान और दुर्घटना के सटीक कारणों को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।






