छत्तीसगढ़

राजनांदगांव में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा, 15 दिन में मिले 7 मरीज; कोरोना का भी केस सामने आया

Advertisement

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दो स्वाइन फ्लू और एक कोविड मरीज भर्ती, एक संक्रमित की हालत गंभीर

राजनांदगांव। जिले में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। पिछले करीब 15 दिनों में स्वाइन फ्लू के 7 मरीज सामने आने की जानकारी है। इसी दौरान एक कोरोना संक्रमित मरीज की भी पहचान हुई है। फिलहाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दो स्वाइन फ्लू संक्रमितों और एक कोविड पॉजिटिव मरीज का इलाज चल रहा है। इनमें एक स्वाइन फ्लू मरीज की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

बदलते मौसम के बीच बढ़े सर्दी-खांसी और बुखार के मरीज

बारिश के बाद लगातार बदल रहे मौसम में तापमान में उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर दिखाई दे रहा है। अस्पतालों की ओपीडी में सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। इसी बीच स्वाइन फ्लू और कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और जांच बढ़ा दी है।

संदिग्ध मरीजों की जांच पर जोर

स्वास्थ्य विभाग की ओर से सर्दी, खांसी और बुखार जैसे लक्षण वाले संदिग्ध मरीजों की जांच कराई जा रही है। मंगलवार को एक कोविड पॉजिटिव मरीज को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। संक्रमण के मामलों को देखते हुए स्वाइन फ्लू और कोविड की जांच का दायरा बढ़ाया गया है।

अस्पताल में उपचार और निगरानी बढ़ाई गई

मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्रवक्ता डॉ. पवन जेठानी ने बताया कि अस्पताल में वर्तमान में दो स्वाइन फ्लू संक्रमित और एक कोविड पॉजिटिव मरीज उपचाररत हैं। उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू और कोविड की जांच बढ़ाई गई है तथा मरीजों के उपचार को लेकर अस्पताल स्तर पर अलर्ट रखा गया है।

स्वास्थ्य विभाग की अपील, लक्षण दिखें तो लापरवाही न करें

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सर्दी, खांसी या बुखार जैसे लक्षण होने पर इसे हल्के में नहीं लेने की अपील की है। चिकित्सकों ने जरूरत पड़ने पर जांच और उपचार कराने की सलाह दी है। साथ ही बिना चिकित्सकीय सलाह के स्वयं दवा लेने से बचने की बात कही गई है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button