मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सपरिवार देखी ‘हनुमान अंश’, छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने का ऐलान

राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी सपरिवार पहुंचे, मुख्यमंत्री बोले—भारतीय संस्कृति और संत परंपरा से नई पीढ़ी को जोड़ेंगी ऐसी फिल्में
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी सपरिवार मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ विभिन्न निगम-मंडल और आयोगों के अध्यक्षों ने भी फिल्म का आनंद लिया।
फिल्म को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि फिल्म को टैक्स फ्री किए जाने से प्रदेश के अधिकाधिक लोगों, विशेषकर युवाओं को भारत की समृद्ध संत परंपरा और उससे जुड़े जीवन मूल्यों को समझने का अवसर मिलेगा।
सत्य, सेवा और करुणा का संदेश देती है संत परंपरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने सदियों से समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। संतों ने अपने जीवन और आचरण के जरिए मानवता तथा लोककल्याण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी महान संत परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका जीवन मानव सेवा को ईश्वर की सेवा से जोड़ने की प्रेरणा देता है।
सरल जीवन और सेवा का संदेश आज भी प्रासंगिक
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नीम करौली बाबा ने सहज जीवन और सरल शब्दों के माध्यम से प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश दिया। उनके विचारों में मानवता और सभी के प्रति समान भाव को विशेष महत्व दिया गया।
उन्होंने कहा कि संत का यह संदेश आज भी प्रासंगिक है और समाज को सकारात्मक दिशा देने की क्षमता रखता है।
सिनेमा मनोरंजन के साथ संस्कार और विचार का माध्यम
मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज तक विचार, संस्कार और प्रेरणा पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
सेवा और मानव कल्याण के मूल्यों को आगे बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति उसकी हजारों वर्षों पुरानी परंपराओं और जीवन मूल्यों में निहित है। सेवा, करुणा, सद्भाव और मानव कल्याण जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में इन मूल्यों को सरल और प्रभावी तरीके से समाज तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास हैं।
नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित है फिल्म
उल्लेखनीय है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा तथा सेवा और भक्ति के संदेश पर आधारित है।






