मक्का में पहली बार इमरजेंसी अलर्ट, हूती हमले के बाद सऊदी अरब में बढ़ी सतर्कता

ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद जारी हुआ अलर्ट, कुछ देर बाद सिविल डिफेंस ने खतरा टलने की जानकारी दी
मक्का। यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए जाने के बाद मंगलवार को मक्का में पहली बार इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया। अलर्ट के बाद लोगों को एहतियात बरतने और ऊंची इमारतों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई।
नेशनल अर्ली वार्निंग प्लेटफॉर्म से अलर्ट
सऊदी सिविल डिफेंस के मुताबिक, नेशनल अर्ली वार्निंग प्लेटफॉर्म के जरिए मक्का में आपात चेतावनी जारी की गई थी। इस दौरान लोगों से ऊंची इमारतों के आसपास न जाने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
कुछ देर बाद वापस लिया गया अलर्ट
सिविल डिफेंस ने बाद में जानकारी दी कि तत्काल खतरा टल गया है। हालांकि, लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई। इसके साथ ही किसी संभावित घटना से संबंधित फोटो या वीडियो बनाने से भी बचने को कहा गया।
जेद्दा और ताइफ में भी जारी हुई चेतावनी
मंगलवार सुबह जेद्दा और ताइफ में भी इसी तरह के इमरजेंसी अलर्ट जारी किए गए थे। अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों स्थानों पर जारी चेतावनियां भी बाद में वापस ले ली गईं।
ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद सऊदी अरब के कई इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ाई है। मक्का जैसे धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण शहर में इमरजेंसी अलर्ट जारी होने के कारण घटना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।






