रायगढ़

कच्चा मकान भरभराकर गिरा, मलबे में दबने से महिला की मौत; पति-बेटा गंभीर घायल

Advertisement

पुसौर के नंदेली गांव में देर रात हुआ हादसा, ग्रामीणों ने मलबे से तीनों को निकाला; रायगढ़ ले जाते समय महिला ने तोड़ा दम

रायगढ़। जिले के पुसौर ब्लॉक में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में कच्चा मकान गिरने से महिला की मौत हो गई। हादसे के दौरान घर में सो रहे पति-पत्नी और उनका 13 वर्षीय बेटा मलबे में दब गए। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तीनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायगढ़ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं महिला के पति और बेटे का उपचार जारी है।

रात करीब 3 बजे अचानक भरभराकर गिरा मकान

घटना पुसौर थाना क्षेत्र के नंदेली गांव के महंत पारा की है। जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात करीब 3 बजे रोहिणी महंत (40), उनके पति रतन महंत (45) और उनका 13 वर्षीय बेटा शिवम महंत घर में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी से बना कच्चा मकान भरभराकर गिर गया।

मकान गिरने से तीनों परिवार के सदस्य मलबे के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

ग्रामीणों ने मलबे से तीनों को निकाला

ग्रामीण अनमोल महंत सहित अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया और उसके नीचे दबे तीनों सदस्यों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए पुसौर अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान रोहिणी महंत की हालत गंभीर पाई गई। डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें रायगढ़ रेफर कर दिया।

रायगढ़ ले जाते समय महिला ने तोड़ा दम

परिजन और अन्य लोग रोहिणी महंत को उपचार के लिए रायगढ़ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मकान की दीवार और चौखट गिरने से रोहिणी के सिर में गंभीर चोट आई थी।

वहीं उनके पति रतन महंत और बेटे शिवम महंत का अस्पताल में इलाज जारी है। दोनों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।

लगातार बारिश के कारण जर्जर मकान धंसने की आशंका

स्थानीय लोगों के मुताबिक पुसौर क्षेत्र में पिछले दो-तीन दिनों से बारिश हो रही थी। बारिश के कारण मिट्टी से बने पुराने और जर्जर मकान की संरचना कमजोर हो गई थी। इसी वजह से देर रात मकान अचानक ढह गया।

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button