छत्तीसगढ़देश विदेश

Chhattisgarh Energy Vision : इंडिया रिन्यूएबल एनर्जी समिट में CM विष्णुदेव साय, वैश्विक मंच पर रखेंगे छत्तीसगढ़ का ऊर्जा विजन

Advertisement

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026 में शामिल होने पहुंचे। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन प्रस्तावित है। इसके बाद मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों के बीच राउंड टेबल चर्चा आयोजित की जाएगी।

स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को अग्रणी बनाने पर जोर

इस वैश्विक मंच पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ के ऊर्जा विजन को प्रमुखता से प्रस्तुत करेंगे। उनका लक्ष्य राज्य को पारंपरिक ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी अग्रणी बनाना है।

मुख्यमंत्री राज्य की प्राकृतिक संसाधन क्षमता, ऊर्जा क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं, ग्रीन एनर्जी के विस्तार और भविष्य की निवेश योजनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने रखेंगे।

सौर ऊर्जा और निजी निवेश को मिलेगा प्रोत्साहन

राज्य सरकार के ऊर्जा विजन में सौर ऊर्जा सहित विभिन्न नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा देना, आधुनिक ऊर्जा अधोसंरचना विकसित करना और निजी निवेश की भागीदारी बढ़ाना शामिल है।

मुख्यमंत्री का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के साथ निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। इसके जरिए राज्य को देश की स्वच्छ ऊर्जा यात्रा में महत्वपूर्ण भागीदार बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों से करेंगे संवाद

समिट के दौरान मुख्यमंत्री निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों से संवाद कर छत्तीसगढ़ में ऊर्जा क्षेत्र की संभावनाओं और निवेश के अनुकूल वातावरण की जानकारी साझा करेंगे। राज्य की ऊर्जा क्षमता को नए निवेश, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास के अवसरों में बदलने पर विशेष जोर रहेगा।

130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि ले रहे हिस्सा

2 से 5 नवंबर तक आयोजित इस वैश्विक समिट में 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। ऐसे में यह आयोजन छत्तीसगढ़ के लिए अपने ऊर्जा विजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने और वैश्विक निवेशकों का ध्यान आकर्षित करने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button