Durg Online Cricket Betting : दुर्ग में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के नेटवर्क का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; मुख्य संचालक फरार

Durg Crime News : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और सुपेला पुलिस की संयुक्त टीम ने रूंगटा कॉलेज के पीछे राजा गार्डन स्थित एक मकान में छापा मारकर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक मौके पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते हुए पकड़े गए। मामले में कथित मुख्य संचालक की तलाश जारी है।
मासिक वेतन पर सट्टा संचालित कर रहे थे आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश हरिनखेड़े और डिकेश प्रसाद तिवारी के रूप में हुई है। एडिशनल एसपी मणिशंकर चंद्रा के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में देवेंद्र कुमार साहू का नाम नेटवर्क के मुख्य संचालक के रूप में सामने आया है।
पुलिस का कहना है कि देवेंद्र कुमार साहू ने दोनों युवकों को मासिक वेतन पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने के काम में लगाया था। यह नेटवर्क Wimbzz ऐप के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट मैचों पर दांव लगवाता था।
दूसरे लोगों के बैंक खातों से लेनदेन की आशंका
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई एटीएम कार्ड और बैंक पासबुक बरामद किए हैं। ये दस्तावेज अलग-अलग लोगों के नाम पर बताए जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि इन बैंक खातों का इस्तेमाल सट्टे की रकम के लेनदेन के लिए किया जा रहा था।
साइबर यूनिट अब संबंधित बैंक खातों के ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि पैसों के लेनदेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।
मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, मामले में नाम सामने आने के बाद कथित मुख्य संचालक देवेंद्र कुमार साहू फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की तैयारी भी कर रही है।






