रायगढ़

रायगढ़ में सड़क पर स्टंटबाजी और अशोभनीय हरकतें करना पड़ा भारी, पांच युवक जेल भेजे गए

Advertisement
Advertisement Carousel

वीडियो सामने आने के बाद चक्रधरनगर पुलिस ने की पहचान, एसडीएम न्यायालय से जेल वारंट जारी होने पर हुई कार्रवाई

रायगढ़। सार्वजनिक सड़क पर दो मोटरसाइकिलों से खतरनाक स्टंटबाजी और अशोभनीय हरकतें करने वाले पांच युवकों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वीडियो के आधार पर पहचान होने के बाद पुलिस ने पांचों युवकों को उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाया। उनके खिलाफ अपराध दर्ज कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। एसडीएम न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद सभी को जेल भेज दिया गया।

मोबाइल वीडियो से सामने आई युवकों की हरकतें

पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक शहीद हेमू कलाणी चौक से चक्रधरनगर चौक की ओर जा रहे थे। इस दौरान वे चलती बाइक पर खतरनाक तरीके से स्टंट कर रहे थे और सड़क पर अशोभनीय हरकतें भी कर रहे थे। उनकी गतिविधियों को देखकर एक व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर चक्रधरनगर थाना प्रभारी को भेज दिया।

वीडियो के आधार पर पांचों की पहचान

वीडियो मिलने के बाद पुलिस ने उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की और उन्हें उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाया। पुलिस ने युवकों को समझाइश देते हुए बताया कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करना न केवल उनकी अपनी जान के लिए खतरा है, बल्कि इससे दूसरे राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है।

प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद जेल दाखिल

सार्वजनिक स्थान पर आपत्तिजनक हरकतों और खतरनाक स्टंटबाजी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पांचों युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने पर सभी पांचों युवकों को जेल दाखिल करा दिया गया।

एसएसपी की चेतावनी, यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़कें स्टंटबाजी और हुड़दंग के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षित आवागमन के लिए हैं। सोशल मीडिया पर कुछ लाइक्स और व्यूज पाने के लिए अपनी और दूसरों की जिंदगी खतरे में नहीं डालनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ऐसे मामलों पर लगातार नजर रख रही है। सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक स्टंटबाजी, अशोभनीय हरकतें करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button