पुणे एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट में तकनीकी खराबी, टेकऑफ के बाद नहीं खुला लैंडिंग गियर; 192 यात्रियों की अटकी सांसें

IAF ने घोषित की फुल इमरजेंसी, दमकल और एंबुलेंस की टीमें रहीं तैनात; सुबह 9 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग
महाराष्ट्र के पुणे एयरपोर्ट पर रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गुवाहाटी जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी आ गई। विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं जाने के कारण आपातकालीन स्थिति घोषित करनी पड़ी। विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत कुल 192 लोग सवार थे।
ATC को दी गई तकनीकी खराबी की सूचना
टेकऑफ के बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी कि विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं गया है और बाहर की स्थिति में ही अटका हुआ है। इसके बाद पुणे एयरपोर्ट प्रशासन ने एटीसी, इंडिगो और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय शुरू किया।
IAF ने घोषित की फुल इमरजेंसी
पुणे एयरपोर्ट के निदेशक संतोष ढोके के मुताबिक, भारतीय वायुसेना (IAF) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। इसके बाद आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय कर दी गई। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा के लिए दमकल गाड़ियों, एंबुलेंस और अन्य बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया।
रनवे के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ाया गया विमान
लैंडिंग गियर की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए विमान ने रनवे के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ान भरी। इस दौरान उसके लैंडिंग गियर का दृश्य निरीक्षण किया गया, ताकि सुरक्षित लैंडिंग की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
सुबह 9 बजे सुरक्षित उतरा विमान
जांच और आवश्यक प्रक्रियाओं के बाद विमान ने सुबह करीब 9 बजे पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इसके बाद तीन दमकल गाड़ियों और दो एंबुलेंस की निगरानी में विमान को बे नंबर-7 तक पहुंचाया गया।
विमान की स्थिति सामान्य और सुरक्षित पाए जाने के बाद सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर एटीसी ने फुल इमरजेंसी वापस ले ली। इसके बाद एयरोब्रिज जोड़ा गया और विमान में सवार सभी 192 यात्रियों एवं क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर उतार लिया गया।





