देहरादून जू में आकर्षण का केंद्र बना सफेद बाघ ‘तेजस’, रोजाना खाता है 8 किलो मांस

ग्वालियर से लाए गए ढाई साल के बाघ का वजन 180 किलो, सप्ताह में एक दिन रखा जाता है उपवास; नए बाड़े में पर्यटकों को मिलेगा दीदार
देहरादून। देहरादून चिड़ियाघर में ग्वालियर से लाया गया सफेद बाघ ‘तेजस’ अब पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। करीब ढाई साल के तेजस को रोजाना आठ किलो मांस दिया जाता है। हालांकि, उसके पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने के लिए सप्ताह में एक दिन मंगलवार को भोजन नहीं दिया जाता। 28 सितंबर को ग्वालियर के गांधी प्राणी उद्यान से देहरादून लाए गए तेजस को अब नए बाड़े में रखा गया है।
एक महीने तक निगरानी में रहा तेजस
जू की रेंजर दीक्षा भट्ट के अनुसार, देहरादून पहुंचने के बाद तेजस को एक महीने तक क्वारंटीन में रखा गया था। इस दौरान उसकी सेहत और व्यवहार पर लगातार नजर रखी गई। इसके बाद उसे नए बाड़े में स्थानांतरित किया गया। तेजस का जन्म भी चिड़ियाघर में ही हुआ है, इसलिए उसे नए माहौल में ढलने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई। उसके आने के बाद से ही पर्यटक उसके दीदार को लेकर पूछताछ कर रहे थे। अब बाड़ा खुलने के बाद चिड़ियाघर में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
180 किलो वजन, सेहत बनाए रखने के लिए विशेष डाइट
जू के पशु चिकित्सक डॉ. प्रदीप मिश्रा ने बताया कि तेजस का वजन करीब 180 किलो है और उसकी सेहत अच्छी है। वह सक्रिय है तथा नियमित रूप से भोजन कर रहा है। उसे शाम के समय खाना दिया जाता है। उसकी रोजाना की डाइट में आठ किलो मांस शामिल है। इसके अलावा उसे मल्टीविटामिन और जरूरी पोषक तत्वों से युक्त विशेष पेस्ट भी दिया जाता है।
नए बाड़े में पानी का कुंड और घूमने के लिए अलग रास्ता
तेजस के लिए तैयार किए गए नए बाड़े में उसके घूमने के लिए अलग रास्ता बनाया गया है। यहां पानी का कुंड और पीने के पानी की समुचित व्यवस्था भी की गई है। इन सुविधाओं से बाघ को सक्रिय रखने के साथ उसके तनाव को कम करने में मदद मिलेगी। उसकी देखभाल के लिए एक मुख्य कीपर सहित चार से पांच कर्मचारियों की टीम तैनात की गई है।
रॉयल बंगाल टाइगर ही होता है सफेद बाघ
डॉ. मिश्रा के मुताबिक, सफेद बाघ कोई अलग प्रजाति नहीं है, बल्कि यह रॉयल बंगाल टाइगर ही होता है। उसके शरीर का सफेद रंग एक विशेष रिसेसिव जीन के कारण होता है, जो शरीर में रंग बनने की प्रक्रिया को प्रभावित करता है। इसके बावजूद उसके शरीर पर काली या भूरी धारियां बनी रहती हैं और आंखों का रंग नीला होता है।





