Uncategorised

रायगढ़ में 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया ध्वजारोहण

Advertisement

रायगढ़ :- रायगढ़ जिले में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली।

इस अवसर पर मंत्री श्री चौधरी ने मुख्यमंत्री का संदेश वाचन करते हुए जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं। समारोह के दौरान विकास के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। मंच पर कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी और पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

परेड की सलामी के बाद मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान 6वीं बटालियन छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना एवं एनसीसी कैडेट्स की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्चपास्ट प्रस्तुत किया।

अपने संबोधन में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि हमें अपने वीर जवानों के शौर्य और बलिदान पर गर्व है, जिन्होंने हर परिस्थिति में तिरंगे का मान बढ़ाया है। आजादी के बाद से लेकर हाल के ऑपरेशन सिंदूर तक भारतीय जवानों ने अपने साहस और पराक्रम से पूरी दुनिया में भारत की शक्ति का परिचय दिया है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ ने भी ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन’ डॉक्यूमेंट तैयार किया है, जो विकसित राज्य के निर्माण की रूपरेखा प्रस्तुत करता है। इसमें निकटवर्ती, मध्यवर्ती और दीर्घकालीन लक्ष्यों के साथ 13 सामाजिक-आर्थिक थीम और 10 मिशन निर्धारित किए गए हैं।

वित्त मंत्री ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के सुशासन के संकल्प से प्रेरित होकर राज्य निश्चित ही जन-जन की सहभागिता से विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को साकार करेगा।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button