रायगढ़ : तेज रफ्तार कार की ठोकर से बाइक सवार ग्रामीण की मौत

रायगढ़ (छत्तीसगढ़)। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार ग्रामीण की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने साढ़ू के घर से वापस अपने गांव लौट रहा था। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कमल सिंह राठिया (35 वर्ष) शनिवार को अपने साढ़ू विनोद राठिया के घर, ग्राम बाकाड़ूमा मेहमानी में आया हुआ था। शाम को करीब 5:30 बजे वह बाइक से अपने गांव कुर्रा लौटने के लिए निकला।
करीब 6:30 बजे जब वह चोरंगा–सराईमुड़ा मार्ग पर पहुंचा, तभी लैलूंगा की ओर से आ रही आल्टो कार (वाहन क्रमांक CG 13 AE 5955) के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
गंभीर चोटों से गई जान
हादसे में कमल सिंह के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल लैलूंगा अस्पताल ले जाया गया। लेकिन प्रारंभिक उपचार के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना परिजनों ने लैलूंगा थाने में दी। पुलिस ने आल्टो कार चालक के खिलाफ धारा 106(1) मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और आगे की जांच में जुट गई है।












