छत्तीसगढ़

कैंसर के इलाज के साथ मरीज का मनोबल बढ़ाना भी जरूरी: मुख्यमंत्री साय

Advertisement

चौथे बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 का शुभारंभ, आधुनिक तकनीक और समय पर जांच पर जोर

रायपुर। कैंसर के खिलाफ लड़ाई केवल बीमारी के उपचार तक सीमित नहीं है। मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उसका मनोबल बनाए रखना और उसे भावनात्मक सहयोग देना भी उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है। चिकित्सकों का संवेदनशील व्यवहार तथा परिवार और समाज का साथ मरीज में बीमारी से मुकाबला करने का आत्मविश्वास बढ़ाता है। यह बात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर स्थित मेफेयर में बालको मेडिकल सेंटर द्वारा आयोजित चौथे बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 के शुभारंभ अवसर पर कही।

कैंसर का असर मरीज के साथ पूरे परिवार पर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कैंसर वर्तमान समय में दुनिया के सामने मौजूद गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों में शामिल है। बीमारी का पता चलने के बाद मरीज के साथ उसका पूरा परिवार भी चिंता और अनिश्चितता से गुजरता है। कैंसर का प्रभाव केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि मरीज की मानसिक स्थिति, पारिवारिक परिस्थितियों और आर्थिक स्थिति पर भी असर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे में कैंसर के उपचार के दौरान मरीज की जरूरतों को व्यापक दृष्टिकोण से देखना जरूरी है।

संवेदनशील व्यवहार से बढ़ता है मरीज का भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सक जब मरीज के साथ आत्मीयता और संवेदनशीलता से व्यवहार करते हैं तो उनकी भूमिका केवल बीमारी के उपचार तक सीमित नहीं रहती। उनका व्यवहार मरीज और उसके परिवार के लिए भरोसे तथा हौसले का आधार बनता है।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा विज्ञान में लगातार हो रही प्रगति के साथ मानवीय संवेदना को भी उपचार प्रक्रिया का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। इससे कैंसर के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत किया जा सकता है।

समय पर पहचान से बेहतर उपचार की संभावना

मुख्यमंत्री साय ने कैंसर की जल्द पहचान को उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि बीमारी का पता शुरुआती अवस्था में चलने पर प्रभावी उपचार की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैंसर समेत गंभीर बीमारियों की समय पर स्क्रीनिंग और रोकथाम को प्राथमिकता दी है।

सस्ती और सुलभ चिकित्सा पर विशेषज्ञों से मंथन का आग्रह

मुख्यमंत्री ने कॉन्क्लेव में शामिल विशेषज्ञों से अपील की कि वे ऐसी आधुनिक तकनीकों, अनुसंधानों और उपचार के प्रभावी तरीकों पर चर्चा करें, जिनसे कैंसर की जल्द पहचान संभव हो सके। साथ ही उन्होंने उपचार को अधिक किफायती और आम लोगों की पहुंच में लाने के उपायों पर भी विचार करने की आवश्यकता बताई।

चिकित्सा क्षेत्र में अनुभव और नवाचार साझा करने का मंच

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के कॉन्क्लेव चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों के लिए अपने अनुभव, शोध और नवाचार साझा करने का महत्वपूर्ण मंच हैं। यहां होने वाला विचार-विमर्श भविष्य की स्वास्थ्य नीतियों और कैंसर उपचार की पद्धतियों को नई दिशा देने में उपयोगी साबित हो सकता है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button