छत्तीसगढ़

बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की 15 अक्टूबर तक कराएं मरम्मत: अरुण साव

Advertisement

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने प्रदेश में बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पुलों की स्थिति को लेकर विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने सड़कों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों समेत सभी क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मरम्मत का काम 15 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।

नवा रायपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में हुई बैठक में विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल और प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी मौजूद रहे। वहीं प्रदेश के विभिन्न संभागों के कार्यपालन अभियंता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

बारिश के बाद तत्काल शुरू हो मरम्मत का काम

उप मुख्यमंत्री साव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात खत्म होने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी संभागों के लिए सड़कों की मरम्मत और संधारण की ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

उन्होंने बताया कि आवश्यकता के अनुसार संबंधित संभागों को मरम्मत एवं संधारण के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही मरम्मत कार्यों के लिए तत्काल निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी तय करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को फील्ड में उतरकर स्थिति जांचने के निर्देश

साव ने सभी कार्यपालन अभियंताओं को अगले दो-तीन दिनों में अपने-अपने कार्यक्षेत्र का दौरा कर सड़कों और पुलों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो-तीन दिन फील्ड में रहकर निर्माण और मरम्मत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश भी दिए।

सड़कों और पुलों के साथ डिवाइडरों की मरम्मत, साफ-सफाई और रंगाई-पुताई कराने पर भी उन्होंने जोर दिया।

15 अक्टूबर से नए कार्यों में आएगी तेजी

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन नए निर्माण कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है और जिनकी निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें 15 अक्टूबर से पूरी गति के साथ शुरू किया जाए। अधिकारियों को इन कार्यों को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

निर्माण के दौरान यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष जोर

साव ने कहा कि सड़क निर्माण या मरम्मत के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी होनी चाहिए। उन्होंने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यात्रियों की सुविधा के लिए जरूरत के अनुसार वैकल्पिक या डायवर्टेड मार्ग उपलब्ध कराने तथा पर्याप्त साइनेज लगाने को भी कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।

परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों का भी होगा संधारण

उप मुख्यमंत्री ने परफॉर्मेंस गारंटी के अंतर्गत आने वाली सड़कों की मरम्मत और संधारण का काम संबंधित ठेकेदारों से तत्परता से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध काम के माध्यम से विभाग की सकारात्मक छवि मजबूत होनी चाहिए।

PWD कार्यालयों में चलेगा स्वच्छता अभियान

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत लोक निर्माण विभाग के सभी कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कार्यालय परिसरों को गंदगी, कबाड़ और कूड़े-कचरे से मुक्त रखने तथा पूरे परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ सड़क और अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं मुख्य अभियंता उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button