मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर 24 घंटे में दिव्यांग गणेश राम यादव को मिली ट्राइसाइकिल

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम कमोसिनडांड निवासी जन्म से दिव्यांग युवक को शासकीय सहायता उपलब्ध कराने में जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग ने दिखाई अभूतपूर्व तत्परता
रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन, संवेदनशीलता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की कार्यसंस्कृति एक बार फिर धरातल पर देखने को मिली। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम कमोसिनडांड निवासी जन्म से दिव्यांग गणेश राम यादव के संघर्षपूर्ण जीवन को लेकर प्रकाशित एक मार्मिक समाचार पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को बिना किसी विलंब के शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग ने अभूतपूर्व तत्परता दिखाते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर गणेश राम यादव के लिए ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी। यह पूरी प्रक्रिया रविवार के शासकीय अवकाश के दिन भी पूरी की गई, जो राज्य सरकार की संवेदनशील और जवाबदेह कार्यप्रणाली का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई है।
जिला प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से गणेश राम यादव को आवागमन में बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की इस पहल ने यह संदेश दिया है कि शासन-प्रशासन के लिए हर जरूरतमंद नागरिक की पीड़ा सर्वोपरि है और जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित समाधान राज्य सरकार की प्राथमिकता है।








