कोरबा ESIC अस्पताल के डॉक्टर ने कर्मचारी आवास में की आत्महत्या, प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच

ड्यूटी पर नहीं पहुंचे डॉक्टर, शाम तक संपर्क नहीं होने पर कर्मचारी आवास पहुंचे; बाथरूम में मिला शव
कोरबा। कोरबा स्थित ESIC अस्पताल में पदस्थ 30 वर्षीय डॉक्टर डॉ. एल्विन वे ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। 29 अगस्त की शाम उनका शव अस्पताल परिसर स्थित कर्मचारी आवास के बाथरूम में मिला। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।
ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो कर्मचारियों ने शुरू की तलाश
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9 बजे डॉ. एल्विन की ओपीडी में ड्यूटी थी, लेकिन वह अस्पताल नहीं पहुंचे। अस्पताल के कर्मचारियों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर कर्मचारी शाम करीब 4 बजे उनके आवास पहुंचे। अंदर से प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर खिड़की का कांच तोड़कर दरवाजा खोला गया। इसके बाद बाथरूम में डॉक्टर का शव मिला।
मौके से साक्ष्य जुटा रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। डॉक्टर के शरीर पर चोट के निशान भी मिलने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस को आशंका है कि आत्महत्या से पहले डॉक्टर ने खुद को चोट पहुंचाने की कोशिश की होगी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
प्रेम प्रसंग को लेकर भी जांच
प्रारंभिक जांच में डॉक्टर के एक युवती के साथ कथित प्रेम संबंध की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब दो साल से संबंध थे और परिवार शादी के लिए भी तैयार थे।
पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर अगस्त में कोयंबटूर गए थे, जहां उन्होंने युवती के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की थी। इसके बाद शादी से संबंधित प्रक्रिया के लिए चर्च में आवेदन दिए जाने की बात भी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और संबंध समाप्त हो गए। कोरबा लौटने के बाद डॉक्टर के व्यवहार में बदलाव आने की बात परिजनों और परिचितों ने बताई है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।
केरल के पालक्काड के रहने वाले थे डॉ. एल्विन
डॉ. एल्विन मूल रूप से केरल के पालक्काड के रहने वाले थे। उन्होंने तमिलनाडु के कोयंबटूर से एमबीबीएस की पढ़ाई की थी। करीब एक वर्ष पहले उनकी नियुक्ति कोरबा के ESIC अस्पताल में हुई थी। अस्पताल परिसर में उपलब्ध कर्मचारी आवास में वह अकेले रह रहे थे।
माता-पिता को कोरबा बुलाया था
जानकारी के अनुसार, घटना से कुछ दिन पहले डॉ. एल्विन ने अपने माता-पिता से फोन पर बातचीत की थी और तबीयत खराब होने की बात कहकर उन्हें कोरबा बुलाया था। माता-पिता के कोरबा पहुंचने के दौरान उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली।
पुलिस ने शुरू की जांच
सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़ा पहलू सामने आया है। पुलिस परिजनों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद स्पष्ट होगी।






