Dungarpur Accident : नदी में नहाने गए चार लोगों की डूबने से मौत, दो बच्चों को बचाया गया

राजस्थान के धंबोला थाना क्षेत्र की घटना, एक ही परिवार और रिश्तेदारों में पसरा मातम
डूंगरपुर। राजस्थान के डूंगरपुर जिले में रविवार सुबह नदी में नहाने गए चार लोगों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक युवक, दो युवतियां और 15 वर्षीय किशोरी शामिल हैं। हादसे के दौरान नदी में डूबे दो बच्चों को ग्रामीणों ने समय रहते बचा लिया।
नहाने के दौरान गहरे पानी में फंसे बच्चे
जानकारी के अनुसार धंबोला थाना क्षेत्र के लिखी बड़ी गांव में बच्चे और घर आए कुछ मेहमान नदी में नहाने गए थे। बताया जा रहा है कि तीन सगे भाई-बहन समेत कुल छह बच्चे एनीकट में नहा रहे थे। इसी दौरान गहरे पानी में जाने से सभी डूबने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि चार लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।
चार लोगों की हुई मौत
हादसे में लिखी बड़ी निवासी 15 वर्षीय इशिता, 20 वर्षीय प्रतीक और 24 वर्षीय हिना डामोर की मौत हो गई। वहीं गुजरात के पालनपुर से आए मेहमान 20 वर्षीय रोनक परमार की भी डूबने से मौत हो गई।
इस हादसे में गुजरात के पालनपुर निवासी 15 वर्षीय राजवीर और मेहसाणा निवासी 11 वर्षीय जयसिंह को सुरक्षित बचा लिया गया। दोनों बच्चों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद धंबोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को सीमलवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
एक ही परिवार और रिश्तेदारों में हुई चार मौतों के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।








