Health Infrastructure : रायपुर मेडिकल कॉलेज में 103 करोड़ से अधिक के स्वास्थ्य विकास कार्यों का भूमिपूजन, मुख्यमंत्री बोले- स्वस्थ छत्तीसगढ़ से बनेगा विकसित राज्य

रायपुर, 6 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह, चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर में 103 करोड़ रुपये से अधिक लागत के स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है और राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
छात्रावास, कैंसर भवन विस्तार और आवासीय परिसर की रखी गई आधारशिला
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक छात्रावास, कैंसर भवन के विस्तार, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के आवासीय परिसर सहित विभिन्न स्वास्थ्य अधोसंरचना परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से चिकित्सा शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी और मरीजों के साथ-साथ विद्यार्थियों तथा चिकित्सकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विद्यार्थियों की मांग पर शुरू हुआ छात्रावास निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार मेडिकल कॉलेज के दौरे के दौरान विद्यार्थियों ने छात्रावास निर्माण की मांग रखी थी। राज्य सरकार ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए अब उसके निर्माण की शुरुआत कर दी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में जनता से किए गए अधिकांश वादों को पूरा किया है और “मोदी की गारंटी” को धरातल पर उतारा है।
स्वास्थ्य क्षेत्र के विस्तार पर सरकार का विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के लिए मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था आवश्यक है। इसी सोच के साथ प्रदेश में लगातार चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए विभाग के अधिकारियों और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि नई स्वास्थ्य परियोजनाएं प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएंगी तथा आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।








