India vs New Zealand T20 Series : 3-2 से सीरीज जीतने के बाद गौतम गंभीर का बड़ा बयान, बोले– मेरी डिक्शनरी में ‘डर’ शब्द नहीं

भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली। शुरुआती तीन मुकाबलों में लगातार जीत दर्ज कर भारत ने सीरीज पर कब्जा जमा लिया था। हालांकि, न्यूजीलैंड ने आखिरी दो मैच जीतकर जोरदार वापसी की। सीरीज में जीत के बाद भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन और दबाव से निपटने के रवैये पर अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनकी डिक्शनरी में ‘डर’ नाम का कोई शब्द नहीं है।
‘मेरी डिक्शनरी में डर नाम का कोई शब्द नहीं’
सीरीज जीतने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौतम गंभीर ने कहा, “मेरी डिक्शनरी और डायरेक्टरी में ‘डर’ नाम का कोई शब्द नहीं है।” उनका यह बयान टीम के आक्रामक और निडर रवैये को दर्शाता है। गंभीर ने मुश्किल परिस्थितियों में पीछे हटने के बजाय उनका डटकर सामना करने की सोच पर जोर दिया।
15 घंटे की फ्लाइट के बाद पहला मुकाबला जीतना बड़ी उपलब्धि
गंभीर ने सीरीज के पहले मैच का जिक्र करते हुए खिलाड़ियों के प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि लंबी हवाई यात्रा और तैयारी के लिए बेहद कम समय मिलने के बावजूद टीम ने दबाव को अच्छी तरह संभाला।
उनके मुताबिक, खिलाड़ियों ने करीब 15 घंटे की फ्लाइट के बाद केवल एक अभ्यास सत्र किया और फिर मैदान पर उतरकर पहला मुकाबला जीत लिया। गंभीर ने इसे टीम के आत्मविश्वास और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता का उदाहरण बताया।
आखिरी दो मैच जीतकर न्यूजीलैंड ने की वापसी
भारत ने शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर पांच मैचों की सीरीज में निर्णायक बढ़त हासिल कर ली थी। इसके बाद न्यूजीलैंड ने लगातार दो मैच जीतकर वापसी की कोशिश की। हालांकि, शुरुआती बढ़त के दम पर भारतीय टीम सीरीज 3-2 से जीतने में सफल रही।






