Uncategorised

दिल्ली में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: ISI समर्थित नेटवर्क का पर्दाफाश, 4 आतंकी गिरफ्तार, जिगाना पिस्टल बरामद

Advertisement

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की बड़ी कार्रवाई, पंजाब से भी जुड़े तार
देश की राजधानी दिल्ली में संभावित बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने समय रहते नाकाम कर दिया है। Delhi Police की स्पेशल सेल ने पंजाब पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाकर आईएसआई समर्थित आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में कुल 4 आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है।

विदेशी हथियारों और ड्रोन नेटवर्क से जुड़ा था पूरा मॉड्यूल
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े हैंडलर शाहजाद भट्टी के इशारे पर काम कर रहा था। आरोपी एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए सीमा पार बैठे अपने आकाओं से सीधे संपर्क में थे और भारत में दहशत फैलाने की योजना पर काम कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुख्यात तुर्की मेड ‘जिगाना पिस्टल’, दो अत्याधुनिक विदेशी पिस्तौल, 9 जिंदा कारतूस और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

अमृतसर से शुरू हुआ सुराग, ड्रोन के जरिए होती थी सप्लाई
स्पेशल सेल ने सबसे पहले पंजाब के अमृतसर स्थित मजीठा रोड इलाके से शुभदीप सिंह उर्फ विशाल को गिरफ्तार किया। उसके पास से पिस्तौल, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह ड्रोन के जरिए सीमा पार से गिराए जाने वाले हथियार और ड्रग्स की खेप को रिसीव कर आगे सप्लाई करता था।

इसके बाद पुलिस ने उसके दो साथियों गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि और साजन सिंह उर्फ हनी को भी गिरफ्तार किया, जिनके पास से विदेशी हथियार बरामद हुए।

दिल्ली में रेकी कर दहशत फैलाने की थी साजिश
इसी नेटवर्क से जुड़े चौथे आरोपी गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। उसके मोबाइल से पुलिस पिकेट्स, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों की रेकी से जुड़े वीडियो और डिजिटल सबूत मिले हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाके में फायरिंग कर दहशत फैलाने की योजना बना चुके थे, लेकिन समय रहते पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी वारदात
दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते विफल करने में सफल रही है। फिलहाल पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है और अन्य कड़ियों की तलाश की जा रही है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button