Uncategorised

NH-49 Raigarh : तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से तीन मवेशियों की मौत, पुलिस जांच में जुटी

Advertisement

रायगढ़। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एनएच-49 पर सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया है। बीती रात जूटमिल थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने सड़क पर बैठे तीन मवेशियों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अपेक्श अस्पताल के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे जूटमिल थाना क्षेत्र के एनएच-49 स्थित अपेक्श अस्पताल के पास आधा दर्जन से अधिक मवेशी सड़क पर बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज गति से आए एक भारी वाहन ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मवेशियों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो-तीन अन्य घायल हो गए।

पुलिस और पशुपालन विभाग ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही जूटमिल पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक वाहन चालक फरार हो चुका था। पुलिस ने मृत मवेशियों को सड़क से हटवाया तथा पशुपालन विभाग को सूचना दी। विभाग की टीम ने घायल मवेशियों का उपचार किया, जबकि मृत गायों का पोस्टमार्टम कराया गया।

बारिश के कारण बढ़ा हादसों का खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भर जाने से मवेशी रात के समय एनएच और शहर की सड़कों पर बैठने लगे हैं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। कई बार वाहन चालकों को अचानक मवेशी दिखाई नहीं देते और हादसे हो जाते हैं।

राहगीरों ने की कार्रवाई की मांग

एनएच-49 किनारे के दुकानदारों और राहगीरों ने बताया कि शाम होते ही मवेशियों के झुंड सड़क पर बैठ जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति भी बनती है। वहीं शहर में आवारा सांडों की संख्या बढ़ने से कई बार वे आपस में लड़ते हुए वाहनों को नुकसान पहुंचाते हैं और लोगों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा मवेशियों के उचित प्रबंधन की मांग की है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button