
रायगढ़, 4 अक्टूबर 2026। कबाड़ के अवैध परिवहन और खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे Raigarh Police Operation Prahar के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम देलारी में रायगढ़ इस्पात के पास पुलिस ने दो माजदा वाहनों से परिवहन किया जा रहा करीब 17 टन 900 किलो स्क्रैप जब्त किया। कार्रवाई में दोनों वाहनों समेत कुल 26 लाख 26 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर देलारी में पुलिस ने की घेराबंदी
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस द्वारा कबाड़ के अवैध कारोबार के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत एडिशनल एसपी अनिल सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में पूंजीपथरा पुलिस अवैध कबाड़ परिवहन पर निगरानी रख रही है।
इसी दौरान 2 अक्टूबर 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को माजदा वाहनों के जरिए कबाड़ परिवहन किए जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम देलारी स्थित रायगढ़ इस्पात के पास घेराबंदी कर दो माजदा वाहनों को रोककर जांच की।
दो वाहनों से मिला 17.900 टन स्क्रैप
पुलिस की जांच में पहले वाहन CG07CC0311 से विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहन पार्ट्स का स्क्रैप बरामद हुआ। इसका वजन करीब 9 टन 690 किलो और अनुमानित कीमत 3 लाख 39 हजार 150 रुपये बताई गई है।
वहीं दूसरे वाहन OD31G8488 से भी टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहन पार्ट्स का स्क्रैप मिला। इसका वजन करीब 8 टन 210 किलो और कीमत करीब 2 लाख 87 हजार 350 रुपये आंकी गई।
दोनों वाहनों से बरामद स्क्रैप का कुल वजन 17 टन 900 किलो और अनुमानित मूल्य 6 लाख 26 हजार 500 रुपये है।
दस्तावेज नहीं दिखा सके वाहन चालक
पुलिस पूछताछ में वाहन चालक कबाड़ के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। इसके अलावा स्क्रैप के परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए।
इसके बाद पुलिस ने दोनों माजदा वाहनों को जब्त कर लिया। परिवहन में इस्तेमाल दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह स्क्रैप और वाहनों समेत कुल 26 लाख 26 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
दोनों वाहन चालकों पर वैधानिक कार्रवाई
पुलिस ने मामले में दोनों वाहन चालकों के खिलाफ अलग-अलग कार्रवाई की है। प्रकरण में इस्तगासा क्रमांक 50/2026 एवं 51/2026, धारा 35(क)(ड) BNSS/303(2) BNS के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में पकड़े गए वाहन चालकों की पहचान इस प्रकार है—
- लालमणी गणतिया — पिता स्व. भास्कर गणतिया, निवासी सिदांडीमुडा, पोस्ट सरगळ, थाना एवं जिला बलांगीर, ओडिशा।
- मो. अपरार (32 वर्ष) — पिता मो. माजी, निवासी कमरिया, पोस्ट व थाना मौदाहा, जिला हमीरपुर, उत्तर प्रदेश।
एसएसपी ने अवैध कबाड़ कारोबारियों को दी सख्त चेतावनी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कबाड़ के अवैध परिवहन और अवैध खरीदी-बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






