बिलासपुर में देर रात बवाल के बाद तनाव, मसानगंज में धारा 144 लागू; 50 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के सिटी कोतवाली क्षेत्र में बीती रात मामूली विवाद के बाद दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हो गया। मसानगंज इलाके में बिगड़े हालात को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
पथराव में पुलिसकर्मी समेत कई घायल
जानकारी के अनुसार, विवाद के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। बताया जा रहा है कि पथराव में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वहीं दोनों पक्षों के 50 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
आंसू गैस और बल प्रयोग से भीड़ को खदेड़ा
हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और आवश्यक बल प्रयोग किया। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में रातभर पुलिस की गश्त जारी रही।
एसपी और कलेक्टर ने मौके पर संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी रजनीश सिंह और कलेक्टर संजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने देर रात तक स्थिति की निगरानी की और पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
CCTV और ड्रोन से रखी जा रही नजर
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। मौके और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जबकि ड्रोन कैमरों की मदद से भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस द्वारा उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
सोशल मीडिया पोस्ट पर भी पुलिस की नजर
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सोशल मीडिया पर भी पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह, भड़काऊ सामग्री या विवादित पोस्ट को शेयर न करें। ऐसे पोस्ट करने या प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
दोनों पक्षों के खिलाफ FIR की तैयारी
पुलिस के अनुसार, मामले में दोनों पक्षों की शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर FIR दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।
अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर भरोसा न करने की अपील की है। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।






