रायगढ़ में दर्दनाक हादसा: विंडो एसी ब्लास्ट से पिता की मौत, बेटा गंभीर रूप से झुलसा

रायगढ़। शहर के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के आईटीआई कॉलोनी में बीती तड़के एक भयावह हादसा हो गया। बेडरूम में लगे विंडो एसी का कंप्रेसर अचानक भीषण धमाके के साथ फट गया, जिससे पूरा घर आग की चपेट में आ गया। इस दर्दनाक घटना में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से झुलसकर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
धमाके के बाद आग में तब्दील हुआ पूरा कमरा
जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार तड़के करीब 4:30 बजे मकान नंबर 232 में हुई। उस समय पुरुषोत्तम पटेल (38) और उनका 19 वर्षीय बेटा राजवीर गहरी नींद में थे। अचानक एसी में जोरदार विस्फोट हुआ और कुछ ही पलों में कमरे में आग और घना धुआं भर गया।
धुएं में घुटकर पिता की मौत, बेटे ने फ्रिज में छिपकर बचाई जान
बताया जा रहा है कि आग और जहरीले धुएं से बचने की कोशिश में पुरुषोत्तम पटेल बाथरूम की ओर भागे, लेकिन दम घुटने और झुलसने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं बेटा राजवीर जान बचाने के लिए कमरे में रखे फ्रिज में छिप गया, जहां से उसे गंभीर हालत में बाहर निकाला गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देर से पहुंची फायर ब्रिगेड, लोगों में आक्रोश
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड को मौके पर पहुंचने में करीब दो घंटे लग गए। इस दौरान पड़ोसियों ने खुद पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की और बिजली सप्लाई काटी।
जन्मदिन की खुशियां बनी मातम
सबसे दुखद पहलू यह है कि एक दिन पहले ही बेटे राजवीर का 19वां जन्मदिन परिवार ने धूमधाम से मनाया था। कुछ ही घंटों में यह खुशी गहरे शोक में बदल गई।
घर में मचा तबाही का मंजर
घटनास्थल पर एसी ब्लास्ट से कमरे की दीवारों में दरारें आ गईं, जबकि बाइक और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। पूरा घर काले धुएं से काला पड़ गया है।
जांच जारी
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार यह हादसा एसी कंप्रेसर में तकनीकी खराबी और अत्यधिक दबाव के कारण हुआ हो सकता है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।







