भोंगापाल में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया बांस नौका विहार केंद्र का शुभारंभ, महिला स्वसहायता समूह को सौंपी कयाकिंग नावें

कोंडागांव । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कोंडागांव जिले के भोंगापाल गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में महालक्ष्मी महिला स्वसहायता समूह को कयाकिंग हेतु 5 नावें प्रदान कीं। साथ ही संयुक्त वन प्रबंधन समिति, भोंगापाल को तमुर्रा नाला में बांस नौका विहार केंद्र की स्थापना के लिए आवश्यक सामग्री का वितरण किया।
स्थानीय विकास की दिशा में कदम:
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और वन आधारित आजीविका को सशक्त करना है। मुख्यमंत्री ने महिला समूह की अध्यक्ष सुश्री सुनीता नाग समेत अन्य सदस्यों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली, अनुभव और आवश्यकताओं को समझा।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण:
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत प्राचीन शिव मंदिर परिसर में पीपल के पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, ग्रामीणजन एवं महिला समूह की सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
स्थानीय जनजीवन से जुड़ी योजनाओं को मिलेगा बल:
इस कार्यक्रम के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा स्थानीय संसाधनों के माध्यम से स्वावलंबन और रोजगार सृजन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को नई ऊर्जा मिली है। बांस नौका विहार केंद्र से क्षेत्र में पर्यटक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, वहीं महिला स्वसहायता समूहों को आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर भी प्राप्त होगा।