राजा रघुवंशी मर्डर केस: मास्टरमाइंड सोनम नहीं, उसका प्रेमी राज कुशवाहा निकला, हत्या के लिए चार बार रची गई साजिश

भोपाल लखनऊ – चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस पूछताछ में बड़ा मोड़ आया है—हत्याकांड की मास्टरमाइंड सोनम रघुवंशी नहीं, बल्कि उसका कथित प्रेमी राज कुशवाहा है। राज ने इस खौफनाक साजिश की रूपरेखा तैयार की और सोनम ने उसका साथ दिया।
हत्या के लिए चार बार बनाई गई साजिश
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राज और उसके दोस्तों ने कुल चार बार हत्या की योजना बनाई, लेकिन पहले तीन प्रयास असफल रहे।
पहला प्लान (फरवरी): सोनम को नदी में बहा देने का विचार।
दूसरा प्लान: किसी महिला का शव लाकर सोनम की स्कूटी के साथ जला देना, जिससे लगे कि सोनम मर चुकी है।
तीसरा प्लान (गुवाहाटी): राजा और सोनम जब कामाख्या देवी मंदिर गए, तब गुवाहाटी में हत्या की कोशिश की गई, लेकिन यह भी विफल रहा।
चौथा और सफल प्लान (सोहरा): हत्या की साजिश को आखिरकार मेघालय के सोहरा में अंजाम दिया गया।
सोहरा में दिया गया वारदात को अंजाम
राज के दोस्त विशाल, आनंद और आकाश, 19 मई को पहले ही गुवाहाटी पहुंच चुके थे। सोहरा में सोनम ने इन तीनों से पार्किंग में मुलाकात की और वहीं राजा की हत्या कर शव को गहरी खाई में फेंक दिया गया। सोनम मौके पर ही मौजूद थी।
हत्या के बाद की गई साजिश को छुपाने की कोशिश
सोनम ने आकाश को अपना रेनकोट दिया, क्योंकि उसकी शर्ट पर खून लग गया था।
स्कूटी खुद चलाकर सोनम AV पॉइंट तक पहुंची, जहां रेनकोट फेंका गया।
फिर आकाश स्कूटी चलाने लगा और सोनम पीछे बैठ गई।
राजा द्वारा किराए पर ली गई स्कूटी को आनंद ने सोहरा बॉर्डर के पास छोड़ दिया।
टैक्सी स्टैंड से सोनम ने टैक्सी बुक की और बुरखा पहनकर फरार हो गई, जो राज ने विशाल के जरिए भिजवाया था।
फरारी और कहानी गढ़ने की साजिश
हत्या के बाद सोनम ने गुवाहाटी से सिलसिलेवार यात्रा की—गुवाहाटी → सिलीगुड़ी → पटना → आरा → लखनऊ → इंदौर।
राज ने सोनम को सलाह दी कि जब पुलिस दबाव बढ़े तो अपने घरवालों को फोन कर कहना कि वह किडनैपर्स के चंगुल से छूट कर वापस आई है।
पुलिस की जांच तेज
फिलहाल पुलिस ने सोनम रघुवंशी, राज कुशवाहा और उनके तीन साथियों – विशाल, आनंद और आकाश को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ जारी है और जल्द ही क्राइम सीन का रिक्रिएशन किया जाएगा।












