
रायगढ़ । महिला समन्वय समिति रायगढ़ के महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे सतर्कता अभियान को अब व्यावसायिक और औद्योगिक क्षेत्र से भी समर्थन मिलने लगा है। हाल ही में सीसीसीआई (छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री) से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए संस्था की ओर से अभियान का समर्थन पत्र सौंपा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीसीसीआई के प्रदेश मंत्री शक्ति अग्रवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील रामदास अग्रवाल ने अपने हस्ताक्षरित पत्र के माध्यम से इस जागरूकता अभियान को संगठन की ओर से नैतिक समर्थन प्रदान किया है। पत्र में इस अभियान को सामाजिक चेतना का आवश्यक विस्तार बताया गया है जो वर्तमान समय में महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा को सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम है।
श्री अग्रवाल ने पत्र में उल्लेख किया है कि, “महिला समन्वय रायगढ़ द्वारा जो अभियान शुरू किया गया है, वह एक अत्यंत आवश्यक और प्रशंसनीय पहल है। हमारा संगठन इस जागरूकता अभियान का पूर्ण समर्थन करता है।”
इस पहल को लेकर समिति ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यावसायिक संगठनों की भागीदारी से यह अभियान नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। समिति की संयोजक ने बताया कि महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण का निर्माण केवल सामाजिक संगठनों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उद्योग, व्यापार, और शिक्षा जगत को भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
समिति ने अन्य व्यावसायिक संस्थाओं से भी अपील की है कि वे महिला सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर अपने सामाजिक उत्तरदायित्व को समझते हुए इस अभियान से जुड़ें।












