मोबाइल गेम की लत ने ली 14 वर्षीय किशोर की जान, बिलासपुर में दर्दनाक हादसा

बच्चों में बढ़ती स्क्रीन लत पर उठे सवाल, विशेषज्ञों ने जताई गहरी चिंता
बिलासपुर, 9 जुलाई 2025 :
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। चकरभाठा थाना क्षेत्र में मोबाइल गेम की लत ने एक 14 वर्षीय किशोर की जान ले ली। मृतक की पहचान आदित्य लखवानी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदित्य मोबाइल पर गेम खेलते हुए सड़क पर पैदल चल रहा था। गेम में लीन होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ा और वह अचानक गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह हादसा ना सिर्फ परिवार के लिए गहरा दुख लेकर आया है, बल्कि समाज के सामने बच्चों में बढ़ती मोबाइल गेमिंग की लत को लेकर कई सवाल भी खड़े करता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि मोबाइल स्क्रीन पर अत्यधिक समय बिताने से बच्चे अपने आसपास के वातावरण से कट जाते हैं। इससे न सिर्फ उनका मानसिक विकास प्रभावित होता है, बल्कि असावधानीवश ऐसे घातक हादसे भी हो सकते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






