रायगढ़ : अटल विहार कॉलोनी में महिला ने फांसी लगाकर दी जान, पारिवारिक विवाद की आशंका

रायगढ़। शहर के कोतरा रोड स्थित अटल विहार कॉलोनी में एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है। रविवार सुबह (21 जुलाई) को ममता साहू (30 वर्ष) का शव उनके घर के पंखे से चुनरी के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
ममता अपने पति सतीश साहू (35 वर्ष) और ढाई साल के बेटे के साथ अटल विहार कॉलोनी के ब्लॉक एस के मकान नंबर 201 में रह रही थी। मूल रूप से सतीश बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जरोंधा का निवासी है और वर्तमान में रायगढ़ में कैट JCB कंपनी में कार्यरत है।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह पति-पत्नी के बीच नाश्ता न बनाने को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके कुछ देर बाद ममता ने घर के कमरे में फांसी लगा ली। सतीश के अनुसार, वह उस समय दूसरे कमरे में था और जब उसने पत्नी को लटका देखा तो फंदा काटकर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के कारण आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। कॉलोनी में हुई इस घटना के बाद से आसपास के लोगों में भी शोक और हैरानी का माहौल है।