तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत, एक घायल – चालक फरार

रायगढ़। जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलीभौना गांव में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। घटना के बाद ट्रेलर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सारंगढ़ जिला के कोसीर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नूनपानी निवासी जनक साहू (19), भारत यादव (22) और तोषन चौहान रविवार की रात कोसमनारा बाबाधाम दर्शन के लिए निकले थे। तीनों एक ही बाइक में सवार होकर यात्रा कर रहे थे। रात करीब 10 बजे जब वे अमलीभौना गांव के पास पहुंचे, तभी ओडी 09 जेड 7555 नंबर के ट्रेलर ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भारत यादव की मौके पर ही मौत हो गई। जनक साहू और तोषन चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान जनक साहू ने भी दम तोड़ दिया। वहीं तोषन चौहान के कंधे में हल्की चोटें आईं, जिसका इलाज अस्पताल में किया गया।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से ट्रेलर को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।












