मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भेंट, माओवादी उन्मूलन एवं अमृत रजत महोत्सव पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को संसद भवन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ के समग्र विकास, माओवादी चुनौतियों से निपटने की रणनीति एवं राज्य में चल रही विकास योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने गृहमंत्री शाह को माओवादी विरोधी अभियानों की अब तक की उपलब्धियों और आगामी रणनीति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2023 से अब तक राज्य में 33 बड़ी मुठभेड़ें हुई हैं, जिनमें शीर्ष माओवादी नेताओं सहित कुल 445 माओवादी मारे गए हैं। साथ ही, 1554 माओवादी गिरफ्तार किए गए और 1588 ने आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की “समन्वित विकास एवं सुरक्षा” नीति के अंतर्गत सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आया है और आम जनता का प्रशासन पर विश्वास मजबूत हुआ है।
गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा माओवादी उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इन्हें ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य को हरसंभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में वर्ष 2025 में छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की 25वीं वर्षगांठ पर आयोजित होने वाले अमृत रजत महोत्सव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह आयोजन राज्य की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक सौहार्द और विकासात्मक उपलब्धियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा।
मुख्यमंत्री ने बस्तर क्षेत्र के विकास और सुरक्षा संबंधी प्रयासों में केंद्र सरकार के सहयोग के लिए गृहमंत्री शाह का विशेष आभार भी व्यक्त किया।












