लोकतांत्रिक जागरूकता की ओर कदम — रायगढ़ में शुरू हुआ मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण अभियान

रायगढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन में रायगढ़ जिले में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण वर्ष 2026 की कार्यवाही प्रारंभ हो गई है। इस अभियान का उद्देश्य जिले के सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराना और मौजूदा प्रविष्टियों को अद्यतन रखना है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार मतदाताओं की सुविधा के लिए जिले के 12 स्थानों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। ये केंद्र जिला निर्वाचन कार्यालय, नगर निगम कार्यालय और सभी 10 तहसील मुख्यालयों में संचालित होंगे।
निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार हेल्प डेस्क लैलूंगा, मुकडेगा, तमनार, रायगढ़, पुसौर, खरसिया, धरमजयगढ़, छाल, घरघोड़ा और कापू तहसीलों के साथ-साथ नगर निगम कार्यालय में भी स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर नागरिक नाम जोड़ने, संशोधन, विलोपन और पता परिवर्तन जैसी सभी सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
ग्रामीण और सुदूर अंचलों के मतदाताओं के लिए भी यह व्यवस्था अत्यंत उपयोगी साबित होगी। इन हेल्प डेस्कों के माध्यम से नागरिक अपने नाम की प्रविष्टि की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और आवश्यक सुधार हेतु आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहें और यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का मत लोकतंत्र की नींव है, इसलिए सभी पात्र मतदाता इस विशेष पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें।












