सड़क हादसे में युवक की मौत, तीन अन्य घायल

पामगढ़ । शनिवार शाम कोसला और भदरा गांव के बीच कोसाबाड़ी के पास हुए सड़क हादसे में कोसला निवासी अजीत कश्यप (25) की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक अजीत कश्यप अपने गांव के उमेंद्र पटेल और उसके बेटे शंकर पटेल के साथ बाइक से पामगढ़ गया था। शाम को लौटते समय उनकी बाइक की टक्कर सब्जी बेचने के लिए भदरा बाजार जा रहे पनगांव निवासी युवराज साहू (28) की स्कूटी से हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। अजीत गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका सिर फट गया। डॉयल-112 की मदद से सभी घायलों को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से अजीत को गंभीर हालत में सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया।
मगर परिजनों के साथ बिलासपुर ले जाते वक्त मस्तूरी के पास ही अजीत ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।






