झोलाछाप डॉक्टर ने ली फिर एक युवक की जान। शहर के आसपास जगह-जगह खुली है यमराज की ब्रांच ऑफिस…।।

सिंहघोष/रायगढ़। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोनिया नगर मोहल्ले में एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यहां एक झोलाछा डॉक्टर ने मरीज भोला यादव को ऐसी सुई लगाई कि,एक घंटे में ही उसकी अकाल मृत्यु हो गई। इस मामले की थोड़ी सी पड़ताल करने पर पता चला कि यह क्लीनिक और डॉक्टर दोनों ही संदिग्ध है। ना क्लीनिक का रजिस्ट्रेशन है,ना डॉक्टर साहब का! फिर भी यह कम से कम सात आठ सालों से तो लगातार चल रहा है। इसके पहले भी यहां एक बच्ची की मौत हो चुकी है!आज की पूरी घटना को देखकर ऐसा लगा कि जैसे किसी को मर्डर का लाइसेंस मिल रखा हो!
जानिए क्या है पूरा मामला
शहर के कोतरा रोड सोनिया नगर पटाखा गोदाम के सामने “नेचरो क्लीनिक” हैं। यहां एक व्यक्ति बैठता है, जो अपने आप को डॉक्टर बताता है, जिसका नाम भुनेश्वर साहू है। वह मोहल्ले के लोगों का इलाज करता है, बगल में उसने दवाई की दुकान खोल कर रखी है, जहां उसकी लिखी दवाइयां मिलती हैं, सुई से लेकर बॉटल तक! मोटा मोटी, छोटा-मोटा हॉस्पिटल है। ऐसा हमें उसी डॉक्टर ने बताया है, टेलीफोन पर!
क्लीनिक के पास ना कोई डॉक्टर का नाम है.. ना ही कोई रजिस्ट्रेशन नंबर है और ना ही किसी भी डिग्री का जिक्र है। लेकिन यहां पर हर रोज कम से कम 40 से 50 मरीज का इलाज होता है। नीचे क्लीनिक की तस्वीर है, जिसे आप zoom कर के इस बात की पुष्टि कर सकते हैं।

“आज दोपहर करीब 1:00 बजे सोनिया नगर निवासी भोला यादव, उम्र करीब 45 वर्ष, सर्दी बुखार से पीड़ित था। इलाज कराने कथित डॉक्टर भुनेश्वर साहू के पास गया। डॉक्टर ने लगाई सुई … और 1 घंटे बाद भोला यादव नहीं रहे!”
कैसे मिला मर्डर का लाइसेंस..??
मोहल्ले वालों ने हंगामा किया। यह मोहल्ला आमदनी से थोड़े कमजोर लोगों का है। मृतक भी अति गरीब परिवार से था। कुछ दिन बाद उसके बच्चे की शादी होने वाली थी तो डॉक्टर साहब ने उनको चार लाख में मैनेज कर लिया। एक लाख कैश दिया,कुछ चेक में दिया और बाकी 9 दिन बाद देने का वादा किया। बदले में कमिटमेंट ली गई कि मरीज का पोस्टमार्टम नहीं होना चाहिए वरना बचा हुआ अमाउंट नहीं मिलेगा!
मोटा मोटी कुल मिलाकर मामला मैनेज कर दिया गया। गरीब परिवार को यह समझाया कि जाने वाला तो चला गया, बच्चे की शादी ही हो जाए, ले लो पैसा! मगर इन डायरेक्टली देखा जाए तो डॉक्टर साहब को अगली बार फिर किसी और का मर्डर करने का लाइसेंस मिल गया!
इसके पहले भी एक बच्ची का हुआ था यही हश्र
इस मामले में मोहल्ले वालों से बातचीत की गई तो, एक और जानकारी सामने आई! कुछ 4 साल पहले ऐसे ही बच्ची को डॉक्टर साहब ने सुई लगाई थी और उसकी मौत हो गई! आज जैसा ही एक हादसा, जिसमें वही कथित डॉक्टर, वही क्लीनिक और वही सुई और फिर वैसे ही एक और मौत और वही मैनेजमेंट.. और मिल गया अगली बार, फिर से मौत का लाइसेंस!












