रायगढ़ में 40वां चक्रधर समारोह 27 अगस्त से, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ और मुख्यमंत्री करेंगे समापन

रायगढ़। जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 40वां चक्रधर समारोह 27 अगस्त से प्रारंभ होकर 5 सितम्बर तक चलेगा। दस दिवसीय इस भव्य आयोजन में शास्त्रीय संगीत, नृत्य और लोककलाओं का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। देश-विदेश में ख्याति प्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से रायगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे।
समारोह का शुभारंभ राज्यपाल श्री रमेन डेका करेंगे, जबकि समापन मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की गरिमामयी उपस्थिति में होगा। पहले दिन सुप्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास अपनी कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। वहीं समापन अवसर पर पद्मश्री कैलाश खेर अपनी सुरीली गायकी से समां बांधेंगे।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने टेंट-पंडाल, बैठक व्यवस्था, बिजली, साउंड सिस्टम, सुरक्षा, भोजन-जलपान, प्रतीक्षालय, ग्रीन रूम, स्वास्थ्य सुविधा और साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक प्रबंधों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि चक्रधर समारोह रायगढ़ की पहचान है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही मोतीमहल परिसर में 1 से 3 सितम्बर तक कुश्ती एवं कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री जितेंद्र यादव, सहायक कलेक्टर श्री अक्षय डोसी, अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






