खरसिया में भव्य धार्मिक आयोजन: प्रशासनिक अधिकारी भी हुए भाव-विभोर, 40 से अधिक गांवों से पहुँची मंडलियां

खरसिया, 21 सितंबर 2025। खरसिया में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भक्तिरस और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस आयोजन में आम श्रद्धालुओं के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी भी भाव-विभोर होकर शामिल हुए।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं, एसडीएम प्रवीण तिवारी बाबा की पालकी उठाकर राम नाम संकीर्तन में शामिल हुए और श्रद्धा भाव से सहभागिता निभाई। इसी क्रम में एसडीओपी प्रभात पटेल भक्तिमय राम भजनों की धुन पर झूमते नजर आए। अधिकारियों का यह भक्तिरस से ओत-प्रोत स्वरूप देखकर श्रद्धालु भी गद्गद हो उठे।
आयोजन की भव्यता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 40 से अधिक गांवों से मंडलियां खरसिया पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को भक्ति के रंग में रंग दिया। ढोल-मंजीरे और संकीर्तन की गूंज से नगर का वातावरण राममय हो गया।
विशेष आकर्षण का केंद्र रही सियाराम सखा मंडल, जिसकी प्रस्तुतियों की पूरे अंचल में जमकर प्रशंसा हो रही है। मंडल के भजनों और संकीर्तन ने श्रोताओं को गहराई तक प्रभावित किया और श्रद्धालुओं ने इसे अविस्मरणीय अनुभव बताया।
भक्ति, आस्था और प्रशासनिक सहभागिता से परिपूर्ण यह आयोजन खरसिया के धार्मिक व सांस्कृतिक जीवन में एक ऐतिहासिक क्षण के रूप में याद किया जाएगा।0






