निर्माण कार्यों की समय पर शुरुआत हो, दवा दुकानों की सख्त जांच हो: कलेक्टर चतुर्वेदी ने बैठक में दिए निर्देश

रायगढ़। कलेक्टर तारन प्रकाश चतुर्वेदी ने सोमवार को समय-सीमा की बैठक में जिले की विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों के टेंडर की प्रक्रिया मानसून समाप्त होने से पहले पूरी कर ली जाए, ताकि बारिश खत्म होते ही निर्माण कार्यों की शुरुआत की जा सके।
दवा दुकानों पर कड़ी निगरानी के निर्देश
कलेक्टर ने ड्रग इंस्पेक्टरों को निर्देशित किया कि जिले की सभी दवा दुकानों की नियमित जांच की जाए और बिना फार्मेसी योग्यता के संचालित दुकानों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
पेंशन मामलों में ढिलाई नहीं चलेगी
वृद्धा पेंशन सहित अन्य पेंशन मामलों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए उन्होंने सभी सीईओ और सीएमओ को कहा कि किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वय वंदना योजना और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर
वय वंदना योजना की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को निर्देश दिए कि 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों से संपर्क कर हितग्राही कार्ड बनवाएं।
सामुदायिक स्वास्थ्य अभियान को तेज करने के निर्देश
सिकल सेल स्क्रीनिंग कार्य जल्द पूर्ण किया जाए।
लेप्रोसी और मलेरिया के लिए नियमित जांच अभियान चलाया जाए।
हाइपरटेंशन और शुगर के चिन्हित मरीजों की नियमित निगरानी कर उपचार और दवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
डेंगू नियंत्रण को लेकर नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में काम करने के निर्देश दिए गए।
जनदर्शन और PGN पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा
कलेक्टर चतुर्वेदी ने जनदर्शन और पीजीएन पोर्टल में लंबित आवेदनों के समयबद्ध निराकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग प्रमुखों को प्राप्त आवेदन तुरंत भेजे जाएं और प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए।
ई-ऑफिस अपनाने के निर्देश
जिले के सभी विभागों को ई-ऑफिस प्रणाली में ऑनबोर्ड होकर कार्य प्रारंभ करने को कहा गया। उन्होंने एनआईसी को तकनीकी सहायता देने के निर्देश भी दिए।
धरमजयगढ़ के मल्टीपर्पस सेंटर का निरीक्षण
बैठक में कलेक्टर ने धरमजयगढ़ में निर्माणाधीन दो मल्टीपर्पस सेंटर की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख अधिकारी रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण बैठक में सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव, सहायक कलेक्टर अक्षय डोसी, अपर कलेक्टर अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर रवि राही, डॉ. प्रियंका वर्मा, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।












